THN Network
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है। पिछले दो दिनों से दिल्ली के कई इलाकों का तापमान 48 डिग्री पार जा रहा था, लेकिन मंगलवार को यह रिकॉर्ड भी टूट गया। दिल्ली के मुंगेशपुर और नरेला में तापमान 49.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नजफगढ़ में 49.8 डिग्री सेल्सियस तापमान पहुंचा।
दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमन 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतक 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पहले ही दिल्ली में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार, अभी दो दिन गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार नहीं है।
सोमवार को 48 पार था तापमान
दिल्ली के मुंगेशपुर में सोमवार को सबसे ज्यादा तापमान 48.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नजफगढ़ में 48.6, नरेला में 48.4, पीतमपुरा में 47.6, पूसा में 47.2 और जफरपुर में 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मुंगेशपुर में रविवार को भी तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दिल्ली के ये इलाके रहे सबसे गर्म
इलाका अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
पालम 47 30
लोधी रोड 46.2 26.4
रिज 47.5 28.1
आयानगर 47.6 28.5
जाफरपुर 48.6 28
मुंगेशपुर 49.9 26
नजफगढ़ 49.8 29.5
नरेला 49.9 27.3
पीतमपुरा 48.5 32.2
गुरुग्राम 47 26.7
फरीदाबाद 48.4 28.3
गाजियाबाद 45.6 29.3
नोएडा 47.3 28.8
रेवाड़ी 47 -
क्यों दर्ज हुआ सबसे ज्यादा तापमान
मौसम विभाग के क्षेत्रीय प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि नजफगढ़ और मुंगेशपुर में इतना अधिक तापमान दर्ज किया गया, क्योंकि ये शहर के बाहरी इलाके थे। उन्होंने कहा, "दूसरा कारण हवा की दिशा है। जब हवा पश्चिम से चलती है तो उन क्षेत्रों को सबसे पहले प्रभावित करती है। चूंकि वे बाहरी इलाके में हैं, तापमान तेजी से बढ़ता है।" श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में लू का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
लोगों को घरों में रहने की सलाह
मौसम विभाग और डॉक्टरों ने जरूरी काम न हो तो घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। लोग घरों में ही रहें तो लू की चपेट में आने से बच सकते हैं। साथ ही खुद को ठंडा रखने के लिए पानी, नींबू पानी पीते रहें। अगर दोपहर में घर से बार जाना है तो खुद को ढककर निकलें, ताकि लू से बचा जा सके।
अस्पताल में बढ़े हीट स्ट्रोक और बुखार के मरीज
आरएमएल अस्पताल के इमरजेंसी मेडिसिन की विभागाध्यक्ष डॉ. सीमा वासनिक ने बताया कि अस्पताल में बहुत तेज बुखार के साथ मरीज पहुंच रहे हैं। 50 वर्ष से अधिक उम्र के एक मरीज को संजय गांधी स्मारक अस्पताल से स्थानांतरित कर हीट स्ट्रोक यूनिट में भर्ती किया गया है, जो वेंटिलेटर पर है। तब मरीज को अस्पताल लाया गया तब उन्हें 104 डिग्री बुखार था।
अस्पतालों में बेड आरक्षित
हीट स्ट्रोक के बढ़ते खतरे के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने अपने सभी 27 अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए बेड आरक्षित करने का निर्देश दिया है। इसके तहत 26 अस्पतालों में दो-दो बेड आरक्षित रहेंगे। इसके अलावा लोकनायक अस्पताल में हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए पांच बेड आरक्षित रखे जाएंगे। केंद्र सरकार के आरएमएल अस्पताल में पहले से ही हीट स्ट्रोक यूनिट संचालित की जा रही है।
44-48 डिग्री के बीच रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, इस सप्ताह दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसमें कहा गया है कि शहर सोमवार को रेड अलर्ट पर था और अगले तीन दिनों तक ऐसा ही रहेगा। 2023 में दिल्ली में मई के दौरान एक भी दिन लू नहीं चली, जबकि 2022 में चार दिन लू चली।
0 Comments