PATNA : लोकसभा चुनाव 2024 से पहले बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस को मंगलवार को बड़ा झटका लगा है। विधानसभा कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे RJD-कांग्रेस के तीन विधायकों ने आज पाला बदल लिया है। लालू यादव की पार्टी RJD की MLA संगीता कुमारी और कांग्रेस के दो MLA मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सौरभ ने पाला बदला है। तीनों नेता आज BJP खेमे में नजर आए। संगीता कुमारी भगवा चोला ओढ़ कर सम्राट चौधरी के साथ विधानसभा पहुंची थी।
RJD की संगीता कुमारी कैमूर जिले की मोहनिया सीट से MLA हैं। वहीं सिद्धार्थ सौरभ विक्रम सीट और मुरारी गौतम चेनारी सीट से MLA हैं। RJD MLA रामानुज ने कहा कि हमारे विधायक तोड़े जा रहे हैं। विधायकों को धमकी देकर तोड़ा जा रहा है। देश में आराजकता का माहौल है।
सम्राट चौधरी के साथ विधानसभा में तीनों विधायक की एंट्री
BJP के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी आज बिहार विधानसभा में महागठबंधन के तीन नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचे। सम्राट चौधरी के साथ RJD की विधायक संगीता कुमारी मौजूद थी, उनके कंधे पर BJP का भगवा पटका नजर आ रहा था। वहीं कांग्रेस के दो MLA मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सौरभ सम्राट चौधरी के साथ पीछे-पीछे विधानसभा के भीतर गए। बताते चलें इन तीनों विधायकों के अलावा दो और विधायकों के पाला बदलने का अनुमान लगाया जा रहा है, माना जा रहा है कि BJP ने महागठबंधन में बड़ी सेंधमारी कर दी है। महागठबंधन में सेंधमारी के बाद भड़की RJD के विधायक रामानुज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पैसे और ताकत के बल पर BJP विपक्ष के नेताओं को खरीद रही है। उन्होंने कहा BJP महागठबंधन के नेताओं को डरा धमकाकर अपने पाले में ला रही है। उन्होंने BJP पर आरोप लगाया कि वह संविधान का मजाक उड़ा रही है। रामानुज यादव का कहना है कि PM नरेंद्र मोदी और उनकी पार्टी BJP के लोग महागठबंधन के विधायकों को तोड़ने के लिए लगातार षड्यंत्र कर रहे हैं।
0 Comments