Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

G20 के मेहमानों का स्वागत करेगी AI एंकर

THN Network



NEW DELHI: दिल्ली में होने वाली G20 समिट में सिर्फ एक दिन बाकी है। आज यानी 8 सितंबर को G20 ग्रुप के ज्यादातर बड़े लीडर दिल्ली पहुंच जाएंगे। केंद्रीय मंत्रियों को इनके स्वागत की जिम्मेदारी दी गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन की अगवानी जनरल वीके सिंह करेंगे। ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक को लेने अश्विनी चौबे जाएंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद ऋषि सुनक पहली बार भारत आ रहे हैं।

समिट के वेन्यू भारत मंडपम में वर्ल्ड लीडर्स को भारत का इतिहास, लोकतांत्रिक परंपरा के साथ डिजिटल ग्रोथ दिखाई जाएगी। इसके लिए भारत मंडपम के रिसेप्शन के पास एक प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें AI जैसी हाई एंड टेक्नोलॉजी इस्तेमाल की गई है।

G20 देशों के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जैसे ही भारत मंडपम में एंट्री लेंगे, सबसे पहले AI एंकर भारतीय अंदाज में उनका स्वागत करेगी। आगे बढ़ते ही एक दीवार दिखती है। इसे ‘भारत: वॉल ऑफ डेमोक्रेसी’ नाम दिया गया है। प्रदर्शनी के दूसरे हिस्से में डिजिटल इंडिया एक्सपीरिएंस जोन और तीसरे हिस्से में गीता AI है।

वॉल ऑफ डेमोक्रेसी में 5 हजार साल का इतिहास
वॉल ऑफ डेमोक्रेसी में विदेशी मेहमान भारत का 5 हजार साल का लोकतांत्रिक इतिहास देखेंगे। ये दीवार 26 स्क्रीन पैनल से मिलकर बनी है। इन 26 पैनल में अलग-अलग समय की कहानियां हैं।

इनमें भारत-मदर ऑफ डेमोक्रेसी, सिंधु घाटी सभ्यता, वैदिक काल, रामायण, महाभारत, महाजनपद और गणतंत्र, जैन धर्म, बौद्ध धर्म, कौटिल्य और अर्थशास्त्र, मेगस्थनीज, सम्राट अशोक, फाह्यान, पाल साम्राज्य के खलीमपुर ताम्रपत्र, श्रेणीसंघ, तमिलनाडु का प्राचीन शहर उथीरामेरुर, लोकतंत्र का दार्शनिक आधार, कृष्णदेव राय, अकबर, छत्रपति शिवाजी, स्थानीय स्वशासन, भारतीय संविधान, आधुनिक भारत में चुनाव शामिल हैं।
हर पैनल में डायरेक्शन ऑडियो लगाए गए हैं। इसमें प्ले होने वाला ऑडियो सिर्फ पैनल के सामने खड़े शख्स को ही सुनाई देगा। अगर आप पैनल की सीध में नहीं हैं, तो ऑडियो सुनाई नहीं देगा। प्रदर्शनी में मिलने वाली जानकारियां 16 भाषाओं में सुनी जा सकती हैं। ये पैनल फेशियल रिकग्निशन टेक्नोलॉजी से जान लेते हैं कि व्यक्ति किस भाषा को समझता होगा, फिर उसी भाषा में जानकारी देते हैं।

टेक्नोलॉजी और मार्केटिंग कंपनी टेगबिन ने इस टेक्नोलॉजी को डेवलप किया है। टेगबिन के CEO सौरव भाइक कहते हैं, ‘सरकार की तरफ से हमें कहा गया कि भारत: मदर ऑफ डेमोक्रेसी थीम पर एक प्रदर्शनी तैयार करनी है, जिसमें टेक्नोलॉजी के जरिए सब दिखाई दे। इससे हम दुनिया को भारत की लोकतांत्रिक परंपरा के बारे में बता पाएंगे। इसके बाद हमने ये एग्जिबिशन तैयार की है।’

AI एंकर कहेगी- नमस्ते, भारत में आपका स्वागत है
एग्जिबिशन की एंट्री पर AI होलोबॉक्स रखा है। इस होलोबॉक्स में AI एंकर दिखती है। ये एंकर विदेशी मेहमानों का स्वागत करेगी। इसमें एडवांस वॉयस क्लोनिंग टेक्नोलॉजी है, जो रियल एंकर वाली फील देती है।

होलोबॉक्स में फेस रिकग्निशन टेक्नोलॉजी इस्तेमाल की गई है, यानी अगर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन होलोबॉक्स के सामने खड़े होते हैं, तो एंकर उन्हें पहचान लेगी। फिर उनसे उन्हीं की भाषा में बात भी करेगी।

प्रदर्शनी के बीच में सिंधु घाटी सभ्यता की सबसे मशहूर मूर्ति डांसिंग गर्ल का स्टेच्यू रखा गया है। इस पर टेगबिन के CEO सौरव भाइक कहते हैं, ‘ये डांसिंग गर्ल ना सिर्फ आर्ट के नजरिए से अहम है, बल्कि ये भी दिखाती है कि दुनिया में सभ्यताएं विकसित नहीं हुई थीं, तब भी भारत में महिलाओं को बराबरी का दर्जा हासिल था।’


Post a Comment

0 Comments