Ticker

6/recent/ticker-posts

Header Ads Widget

प्रयागराज में दसवीं के छात्र की पीट-पीटकर हत्या, चचेरी बहन से छेड़खानी के विरोध पर हुआ झगड़ा

THN Network



PRAYAGRAJ: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। दसवीं के छात्र की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। स्कूल में बच्चों के बीच आपस में विवाद हुआ था। दावा किया जा रहा है कि चचेरी बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर स्कूल में विवाद गहराया था। इसके बाद स्कूल से अपनी चचेरी बहन के साथ लौटते समय उसे चार छात्रों ने रास्ते में घेर लिया। उसकी पिटाई शुरू कर दी। छात्र की पिटाई के बाद मौत हो गई। इस मामले में पीड़ित छात्र के परिजनों ने आरोपियों पर छेड़खानी का विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। परिजनों की शिकायत पर चार छात्रों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना को लेकर खीरी में आक्रोश बढ़ गया। पीड़ित परिवार के लोगों ने स्थानीय लोगों के साथ खीरी चौराहा जाम कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक छात्र परमानंद इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता था।

प्रयागराज स्टूडेंट मर्डर केस में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। चचेरी बहन से छेड़खानी का विरोध करने पर 16 वर्षीय छात्र की पिटाई कर दी गई। आरोपियों ने उसे तब तक पीटा, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। सड़क पर आधे घंटे तक वह तड़पता रहा। उसकी बहन उस समय अन्य लोगों से भाई को बचाने की गुहार लगाती रही। लोग तमाशा देखते रहे। किसी भी हमलावरों को रोकने का प्रयास नहीं किया। करीब आधे घंटे तक तड़पने के बाद छात्र की सांसें थम गई। मामले की जानकारी मिलते ही परिजन समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे। सोमवार शाम करीब 5 बजे लोगों ने खीरी चौराहे पर जाम लगा दिया।

9 घंटे तक लगा रहा जाम

लोगों के आक्रोश और मामले को गरमाता देख मौके पर रमित शर्मा समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंचे। करीब 9 घंटे तक पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी बनी रही। पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाकर जाम को हटवाने का प्रयास करते रहे। सोमवार-मंगलवार की रात करीब 2 बजे प्रदर्शनकारियों ने कमिश्नर के कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम को हटाया। मृतक छात्र खीरी थाना क्षेत्र के गांव का रहने वाला है। वह परमानंद इंटर कॉलेज में दसवीं का छात्र था। उसके चाचा की बेटी भी इसी इंटर कॉलेज में 10वीं में पढ़ाई करती है। बहन भी घटना के समय उसके साथ मौजूद थी।


Post a Comment

0 Comments